पाटन।जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक की अध्यक्षता में जनपद पंचायत सभागार में “विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) Act-2025” के अंतर्गत प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पाटन महेंद्र कुमार जांगड़े के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत क्षेत्र के समस्त जनपद सदस्यगण, सरपंचगण, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (VB-G RAM G) की कार्ययोजना, उद्देश्य एवं ग्राम स्तर पर किए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही बताया गया कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन, कौशल विकास, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण तथा समावेशी विकास को गति प्रदान करते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से आह्वान किया कि वे शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक इसका लाभ पहुँचाएं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्ययोजना तैयार कर मिशन को सफल बनाएं।

अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ पहुँचाने तथा ग्रामीण विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर आजीविका, महिला सशक्तिकरण एवं समृद्ध ग्रामों के निर्माण के माध्यम से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।







