पाटन: महिला पर घर में घुसकर जानलेवा हमला, सिर पर गंभीर चोट, हालत नाजुक, मेकाहारा रिफर की तैयारी, डायल 112 ने दिया जवाब पहले थाना जाइए

पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम झीट में एक महिला पर हुए हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घायल महिला की पहचान कमलेश्वरी मानिकपुरी (45 वर्ष), पति मनहरण दास के रूप में हुई है, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट में चल रहा है। चिकित्सकीय देखरेख में भर्ती महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही जल्द ही मेकाहारा रिफर किया जाने की खबर है।

जानकारी के अनुसार, गांव में पड़ोस में रहने वाले शंकर सिन्हा और गोलू सिन्हा ने महिला पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने महिला के सिर पर गंभीर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि हमलावर दोनों पिता-पुत्र हैं।

घटना के बाद भी दोनों आरोपित गांव में ही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार घटना की सूचना देने के लिए डायल 112 पर संपर्क किया गया, लेकिन वहां से पहले थाना में सूचना देने की बात कही गई। इसके बाद अमलेश्वर थाना के सरकारी नंबर पर फोन किया गया, परंतु कॉल रिसीव नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं क्षेत्रवासियों का कहना है कि अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी और कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।