पाटन: खारुन नदी में फिर बहा युवक, तलाश जारीएनीकेट पार करते समय बाइक फिसली, एक युवक ने बाइक पकड़कर बचाई जान

पाटन। खारुन नदी में एक बार फिर हादसा सामने आया है। ओदरागहन एनीकेट के पास नदी पार करते समय बाइक फिसलने से दो युवक नदी में गिर गए। हादसे में एक युवक बाइक को पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार दोनों युवक धमतरी जिले के तरागोंदी गांव के बताए जा रहे हैं। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर खारुन नदी के एनीकेट को पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक अचानक फिसल गई और दोनों नदी में जा गिरे। एक युवक उछलकर नदी में गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया, जबकि दूसरे युवक ने बाइक को पकड़ लिया और किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में बहे युवक की तलाश शुरू कराई गई। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।