जामगांव आर पुलिस की कार्रवाई, पंचायत भवन के दरवाजे और सबमर्सिबल पंप को भी पहुंचाया था नुकसान

पाटन। विकासखंड के ग्राम कुम्हली में पंचायत बैठक के दौरान ग्राम पंचायत सचिव के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में जामगांव आर पुलिस ने आरोपी पंच को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम पंचायत कुम्हली के सचिव अरुण कुमार निर्मलकर पंचायत की सामान्य बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान पंचायत से संबंधित लेनदेन की जानकारी मांगने पर सचिव ने सरपंच के आने के बाद जानकारी देने की बात कही। इस पर आरोपी पंच मोगन सपहा कथित रूप से उग्र हो गया और सचिव के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि उसने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर सचिव को चोट पहुंचाई।

इतना ही नहीं, आरोपी ने पंचायत भवन स्थित सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे को लात मारकर तथा पंचायत भवन में रखे खराब सबमर्सिबल मोटर पंप से तोड़कर नुकसान भी पहुंचाया। इस दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप है।
घटना के बाद सचिव की रिपोर्ट पर थाना जामगांव आर में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
आरोपी का नाम एवं पता
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोगन सपहा पिता संतोष सपहा (30 वर्ष), निवासी ग्राम कुम्हली, थाना जामगांव आर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। गाली-गलौज, हिंसा और धमकी देने से बचें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।






