पाटन।
होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पाटन और उतई पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। त्योहार के दौरान संभावित हुड़दंग और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
मिनी माता चौक में उतई थाना पुलिस द्वारा लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। वहीं स्वामी आत्मानंद चौक पर पाटन थाना पुलिस ने विशेष चेकिंग प्वाइंट बनाया है। यहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और तीन सवारी बैठाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, होली के दौरान अक्सर नशे की हालत में वाहन चलाने और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया जा रहा है। साथ ही तीन सवारी बैठाकर चलने वाले दोपहिया वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के हुड़दंग से दूर रहें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी।














