पाटन : नहीं मिला महीनों से मानदेय, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं में आक्रोश, आज घेरेंगे परियोजना कार्यालय

पाटन। मानदेय और गर्म भोजन मद की राशि के भुगतान में हो रही देरी को लेकर आँगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अपनी मांगों को लेकर आँगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय पाटन का घेराव करेंगी।

जानकारी के अनुसार, आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दिसंबर 2025 से मार्च 2026 तक का मानदेय अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा बच्चों के लिए गर्म भोजन व्यवस्था के तहत मिलने वाली राशि का भुगतान भी लंबित बताया जा रहा है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आंदोलन के तहत दोपहर 1 बजे पाटन परियोजना कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में आँगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं पहुंचकर प्रदर्शन करेंगी और अपनी मांगों को लेकर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की प्रमुख मांग दिसंबर 2025 से मार्च 2026 तक के लंबित मानदेय तथा गर्म भोजन मद की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान है। इस प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।