बलराम यादव
पाटन। पाटन सीट से भाजपा प्रत्याशी के हमनाम का नामांकन चर्चा में है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चुनाव क्षेत्र पाटन से इस बार महासमुंद निवासी विजय बघेल नामक एक कारोबारी ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। भाजपा ने यहां से दुर्ग संसदीय सीट से सांसद विजय बघेल को प्रत्याशी बनाया है। अब यहां निर्दलीय विजय बघेल को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। दरअसल, निर्दलीय प्रत्याशी विजय ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष महासमुंद व राज्य चर्म शिल्पकार बोर्ड के उपाध्यक्ष खिलावन बघेल के अनुज हैं। उनका महासमुंद में होटल और भवन निर्माण सामग्री का कारोबार है। हमनाम होने के कारण चर्चा यह भी है कि निर्दलीय विजय भाजपा प्रत्याशी को कुछ नुकसान पहुंचा सकते हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भाजपा प्रत्याशी के रिश्ते में चाचा लगते हैं।

