पाटन: ट्रैक्टर के केजबिल से टकराई बाइक, युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर, युवक के सिर पर आई गंभीर चोट


पाटन–मटिया मार्ग पर शाम को हुआ हादसा, हाथ टूटा और सिर में गंभीर चोट; ट्रैक्टर में एक ही लाइट जलने की बात सामने आई

पाटन। पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटन–मटिया मार्ग पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में युवक का हाथ टूट गया तथा सिर पर गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, पाटन ब्लॉक के ग्राम बीजाभाठा निवासी युवक बाइक से पाटन–मटिया मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक सड़क पर चल रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे केजबिल से जा टकराई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना का एक कारण ट्रैक्टर में केवल एक तरफ की लाइट का जलना बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर की दूसरी ओर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बाइक सवार को पीछे लगा केजबिल दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।