पाटन। ग्राम बेलौदी में कै-दस्त से पीड़ित ग्रामीणों की जानकारी मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी स्वास्थ्य टीम के साथ गांव पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली तथा साफ-सफाई और खानपान में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

बताया गया कि रविवार को बाजार में गुपचुप ठेला से गुपचुप खाने के बाद करीब दो दर्जन ग्रामीण कै-दस्त की चपेट में आ गए थे। मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और गांव में सर्वे कर मरीजों का उपचार शुरू किया गया।
बीएमओ ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपयोग करने, खुले खाद्य पदार्थों से बचने और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है तथा जरूरतमंद मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।






