पाटन। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय पाटन प्रभाग द्वारा रक्षाबंधन पर्व श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनें पुलिस थाना पाटन पहुंचीं और थाना प्रभारी राजेश मिश्रा सहित पुलिस स्टाफ के सभी सदस्यों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस कर्मियों को राखी बांधते हुए उनके द्वारा समाज की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। पुलिस कर्मियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान रक्षाबंधन के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ आपसी विश्वास, सुरक्षा, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है।

थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम से माहौल सौहार्दपूर्ण और भावनात्मक रहा। ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस कर्मियों के स्वस्थ, सुखी एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।






