
पाटन। तहसीलदार पाटन पवन ठाकुर के तबादले के बाद राजस्व संबंधी प्रकरणों को लेकर आम लोगों को होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्य विभाजन कर दिया है। सीजी मितान में खबर प्रकाशित होने के करीब एक घंटे बाद ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम उत्तम कुमार ध्रुव ने कार्य विभाजन का आदेश जारी कर दिया।

कार्यालयीन आदेश दिनांक 3 सितंबर 2026 के अनुसार तहसील पाटन में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए तहसीलदार ममता टावरी, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह तथा नायब तहसीलदार मनोज कुमार रस्तोगी के मध्य राजस्व कार्यों का विभाजन किया गया है।

आदेश के मुताबिक तहसीलदार ममता टावरी को थाना पाटन एवं अमलेश्वर क्षेत्र के विभिन्न राजस्व ग्रामों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह को थाना जामगांव (आर.) एवं रानीतराई क्षेत्र तथा नायब तहसीलदार मनोज कुमार रस्तोगी को थाना उतई क्षेत्र के निर्धारित हल्का पटवारियों के राजस्व कार्य सौंपे गए हैं।

इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों की सुनवाई के साथ-साथ क्षेत्र से जुड़े आवश्यक कार्यों को संपादित करने की जिम्मेदारी दी गई है। लोक सेवा गारंटी के तहत विभिन्न प्रमाण पत्रों से जुड़े कार्य भी निर्धारित अधिकारियों के माध्यम से किए जाएंगे।
गौरतलब है कि सीजी मितान ने तहसीलदार पवन ठाकुर के तबादले के बाद उनके अधीन रहे हल्का क्षेत्रों में राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित होने और आम लोगों को परेशानी होने की आशंका को लेकर खबर प्रकाशित की थी। खबर सामने आने के बाद एसडीएम उत्तम कुमार ध्रुव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्य विभाजन का आदेश जारी किया।
प्रशासन के इस त्वरित निर्णय से अब राजस्व प्रकरणों के निराकरण में व्यवधान की संभावना कम होगी और संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीणों को अपने राजस्व कार्यों के लिए स्पष्ट रूप से जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध रहेंगे।






