पाटन। आज मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय के पाटन आगमन को लेकर क्षेत्र के विभिन्न समाजों में उम्मीदों का माहौल है। विशेषकर कुर्मी और साहू समाज की निगाहें इस दौरे पर टिकी हुई हैं, जहां लंबे समय से लंबित घोषणाओं के पूरा होने की आस फिर से जागी है।
तहसील साहू संघ पाटन द्वारा गातापार में आयोजित सामूहिक विवाह एवं कर्मा महोत्सव में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने साहू समाज के लिए 50 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की थी। हालांकि, समय बीतने के बाद भी यह घोषणा धरातल पर पूरी नहीं हो सकी है।
इसी तरह गुजरा में कुर्मी समाज के कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी। यह घोषणा भी अब तक अधूरी है, और निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वर्तमान मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय इन लंबित घोषणाओं पर संज्ञान लेकर उन्हें पूरा करवाएंगे, या ये वादे केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे।
पाटन क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल औपचारिक न रहकर, विकास और अधूरी योजनाओं को गति देने वाला साबित होगा।







