पाटन: eKYC में आ रही दिक्कतों को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, समय-सीमा बढ़ाने की मांग


पाटन।
नगर कांग्रेस कमेटी पाटन द्वारा महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को eKYC कराने में आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि शासन द्वारा निर्धारित कम समय-सीमा और लगातार सर्वर में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण बड़ी संख्या में हितग्राही समय पर eKYC नहीं करवा पा रहे हैं। इसके साथ ही निजी चॉइस सेंटरों में शुल्क लेकर तत्काल eKYC किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेसजनों ने मांग की कि हितग्राहियों की सुविधा और न्यायसंगत व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए eKYC की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी हितग्राही को मजबूरी में शुल्क देकर eKYC कराने की स्थिति का सामना न करना पड़े।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।