अमलेश्वर। अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बटंग में शिक्षिका के साथ हुई लूटपाट की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। पूर्व जिला पंचायत सभापति मोनू साहू, अमलेश्वर मंडल अध्यक्ष महेंद्र साहू सहित उत्तर पाटन के कई कांग्रेस कार्यकर्ता अमलेश्वर थाना पहुंचे और अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षिका स्वामी आत्मानंद स्कूल जामगांव एम में पदस्थ हैं। स्कूल की छुट्टी होने के बाद वे ई-रिक्शा से अपने घर भिलाई-3 जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराया और बैग में रखे सामान को लेकर फरार हो गए। बैग में आवश्यक दस्तावेज सहित लगभग पांच हजार रुपए नगद रखे होने की जानकारी मिली है। घटना में ई-रिक्शा चालक को मामूली चोट आई है।

घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस सक्रिय हुई और क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

कांग्रेस नेता मोनू साहू ने कहा कि अमलेश्वर थाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं बढ़ना चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव के कारण अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और पुलिस को इस पर प्रभावी नियंत्रण करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अज्ञात युवकों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ता थाना का घेराव करेंगे।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दो दिन पहले दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में इसी तरह की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई थी, इसलिए अमलेश्वर पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।






