पाटन: रूही गांव में लटकते बिजली तार बने खतरा, ठेका मजदूर की करंट से दर्दनाक मौत के बाद भी नहीं लिया जा रहा सुध


पाटन।
पाटन ब्लॉक के ग्राम रूही में बिजली व्यवस्था की लापरवाही सामने आई है, जहां खंभों से लटकते बिजली के तार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कई जगहों पर तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
इसी बीच आज एक दुखद घटना सामने आई। बिजली विभाग का एक ठेका मजदूर खंभे पर सीढ़ी लगाकर काम कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी कई बार विभाग को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। खंभों से झूलते तार अब जानलेवा साबित हो रहे हैं।
लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर बिजली विभाग कब सुधरेगा? क्या विभाग किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
ग्रामीणों की मांग:
तुरंत लटकते तारों को ठीक किया जाए
बिजली व्यवस्था की नियमित जांच हो
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब जल्द कार्रवाई की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।