पाटन। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पाटन के दो युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण और बढ़ती गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन से वृहद वृक्षारोपण की मांग की है।

अनिकेत मिश्रा एवं योगेश्वर द्विवेदी ने नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर नगर एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे गर्मी का प्रभाव भी अधिक महसूस किया जा रहा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन में पाटन से सोनपुर, पाटन से पनदर, पाटन से रायपुर सहित नगर के सभी प्रमुख मार्गों के किनारे छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि सड़क किनारे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण होने से क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, प्रदूषण कम होगा तथा लोगों को शुद्ध हवा मिल सकेगी।
दोनों युवाओं ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगा। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि भविष्य में गर्मी के प्रभाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है और नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने की मांग की है।






