पाटन: बेलौदी में कै-दस्त का प्रकोप बढ़ा, 50 मरीज प्रभावित, 12 मरीज सीएचसी पाटन और 4 गाड़ाडीह पीएचसी में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग ने गांव में लगाया कैंप


पाटन। ग्राम बेलौदी में कै-दस्त का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार से शुरू हुई बीमारी के बाद अब तक आज और कल मिलाकर कुल 50 ग्रामीण प्रभावित हो चुके हैं। इनमें से 12 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में भर्ती कराया गया है, जबकि 4 मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह में उपचाररत हैं। अन्य मरीजों का इलाज गांव में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव में डेरा डाले हुए है और प्रभावित लोगों का उपचार कर रही है। विभाग द्वारा बेलौदी में विशेष स्वास्थ्य कैंप लगाया गया है, जहां ग्रामीणों की जांच और दवा वितरण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मरीजों के मल तथा पीने के पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
गौरतलब है कि रविवार को बेलौदी बाजार में ठेले से गुपचुप खाने के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती गई।
वहीं गांव में एक और चर्चा यह भी है कि बेलौदी बांध में लगातार तीन दिनों तक जाल चलाकर बड़ी मात्रा में मछलियां निकाली गई थीं और कई ग्रामीणों ने उसका सेवन किया था। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
स्वास्थ्य अमला गांव में लगातार निगरानी कर रहा है तथा लोगों को साफ-सफाई और उबला पानी पीने की सलाह दी जा रही है।