पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकाश साहू, तेजप्रकाश साहू सहित अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के ठेकेदार रमेश कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 23 जून की सुबह लगभग 7:30 बजे ग्राम अरसनारा में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा था। इसी दौरान प्रकाश साहू, तेजप्रकाश साहू, कुलेश्वर साहू और तोरण साहू सहित परिवार के अन्य सदस्य निर्माण स्थल पर पहुंच गए और कार्य का विरोध करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध के दौरान ठेकेदार एवं श्रमिकों के साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, टंगिया लेकर श्रमिकों को डराने-धमकाने और मारने के लिए दौड़ाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे मजदूरों में भय का माहौल बन गया और निर्माण कार्य रोकना पड़ा।
ठेकेदार रमेश कुमार ने बताया कि संबंधित निर्माण कार्य को लेकर पूर्व में प्रकाश साहू द्वारा न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसे सुनवाई के बाद खारिज कर दिया गया था। इसके पश्चात निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। बताया गया कि ग्राम कोटवार द्वारा भी प्रकाश साहू को दो दिन पूर्व निर्माण स्थल से लकड़ी हटाने की सूचना दी गई थी।
मंगलवार को जब निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन के माध्यम से कॉलम गड्ढों की खुदाई की जा रही थी, तब पुनः विरोध करते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 3(5) एवं 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






