पाटन: सड़क किनारे अवैध कब्जा कर दुकान लगाने पर विवाद, दुकानों को हटाने की उठी मांग, जनपद के सामने शिव मंदिर के पास का मामला

पाटन। नगर पंचायत पाटन क्षेत्र में सड़क किनारे अस्थायी दुकानों के संचालन को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई है। स्वामी आत्मानंद चौक एवं जनपद पंचायत कार्यालय के सामने शिव मंदिर के पास सड़क किनारे बांस-बल्ली और झोपड़ीनुमा संरचना बनाकर दुकान लगाए जाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है।

जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर आलू-प्याज विक्रेता, गन्ना रस विक्रेता, मुंगोड़ी बनाने वाले सहित अन्य लोग अस्थायी दुकानें संचालित कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क के किनारे इस तरह दुकानें लगाए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।

राहगीरों ने मांग की है कि सड़क किनारे अवैध रूप से बनाए गए सभी अस्थायी ढांचों को हटाया जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

सूत्रों के मुताबिक हाल ही में दो दुकानदारों के बीच दुकान लगाने के स्थान को लेकर विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई थी, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर ये दुकानें संचालित हो रही हैं, वहीं विभिन्न संगठनों द्वारा समय-समय पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाता है।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।