पाटन: घोरारी में आबकारी विभाग की दबिश, महुआ शराब बनाते दो आरोपी गिरफ्तार, सुबह सुबह कार्रवाई से मची हड़कंप

पाटन। रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम घोरारी में आबकारी विभाग ने तड़के सुबह दबिश देकर अवैध रूप से महुआ कच्ची शराब बनाते दो लोगों को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने मौके से करीब 25 लीटर महुआ शराब भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक रामानंद दीवान के नेतृत्व में विभाग की टीम ने ग्राम घोरारी में दबिश दी। इस दौरान भागचंद और लखन को अवैध रूप से महुआ कच्ची शराब बनाते हुए पकड़ा गया। टीम ने दोनों के कब्जे से लगभग 25 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की। आबकारी विभाग द्वारा दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि ग्राम घोरारी में अवैध महुआ शराब बनाने और बिक्री को लेकर आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसके बावजूद गांव में अवैध कच्ची महुआ शराब बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बार-बार कार्रवाई के बाद भी अवैध शराब निर्माण जारी रहना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।

अब देखना होगा कि आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई के बाद गांव में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर कितनी प्रभावी रोक लग पाती है।