पाटन: जल सत्याग्रहियों को तालाब में ही पहुंचाया जा रहा भोजन, शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी, पहला दौर का चर्चा विफल, माँगे पूरी होने तक जारी रहेगी जल सत्याग्रह

पाटन। खाद-बीज एवं आवास की मांग को लेकर ग्राम कुर्मीगुंडरा के लक्ष्मी सागर तालाब में चल रहे जल सत्याग्रह के दौरान सत्याग्रहियों के लिए तालाब के भीतर ही भोजन पहुंचाया जा रहा है। जल सत्याग्रह में शामिल महिला-पुरुषों को भूख लगने पर ग्रामीणों ने अपने स्वयं के खर्च पर खिचड़ी तैयार कर तालाब के अंदर पहुंचाई।

जल सत्याग्रह शुरू हुए करीब दो घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच अब तक कोई सार्थक चर्चा नहीं हो सकी है। मांगों को लेकर तालाब के भीतर मौजूद ग्रामीण लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और शासन-प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।

मौके पर वर्तमान में नायब तहसीलदार सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

लक्ष्मी सागर तालाब में चल रहा यह जल सत्याग्रह पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के आसपास मौजूद रहकर सत्याग्रहियों का समर्थन कर रहे हैं। प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।