पाटन: लगातार दूसरे दिन खारुन नदी में डूबने से एक और युवक की मौत

पाटन।

पाटन क्षेत्र में खारुन नदी में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ठाकुराइन टोला एनीकट में एक युवक की डूबने से हुई मौत के दूसरे ही दिन खारुन नदी में एक और युवक की जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम झीट निवासी उमंग यादव अपने दोस्तों के साथ ग्राम ऊफरा स्थित खारुन नदी पुल के पास एक मित्र का जन्मदिन मनाने गया था। इसी दौरान उमंग यादव ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकला।

करीब 10 मिनट तक उमंग के बाहर नहीं आने पर उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया। दोस्तों ने तत्काल नदी में उसकी तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। लगातार दो दिनों में खारुन नदी में डूबने से हुई दो मौतों ने नदी और एनीकट क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था तथा सावधानी बरतने की आवश्यकता को फिर उजागर कर दिया है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।