पाटन: अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, वाहन जब्त

पाटन। वन विभाग पाटन ने अवैध रूप से लकड़ी परिवहन किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक वाहन को जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार औरी एवं ओदरागहन क्षेत्र में लकड़ी का अवैध परिवहन किए जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया।

वन विभाग के अधिकारी डी.पी. वर्मा के नेतृत्व में संदिग्ध वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालक से लकड़ी परिवहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।

दस्तावेजों के अभाव में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वाहन को पाटन स्थित वन विभाग के डिपो में खड़ा करा दिया है। जब्त लकड़ी एवं वाहन के संबंध में वन विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कटाई एवं लकड़ी परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।