पाटन। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ जा रहे पदयात्रियों को पाटन थाना क्षेत्र के सोनपुर मंडी के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को पहले पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का उपचार रायपुर के कृष्णा अस्पताल में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की देर रात अभनपुर क्षेत्र के ग्राम नायकबांधा से करीब 10 लोगों का समूह मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल डोंगरगढ़ जा रहा था। समूह में शामिल पारस यादव, खिलावन और खेमन देशलहरे आगे चल रहे थे, जबकि सात अन्य लोग पीछे थे। इसी दौरान सोनपुर मंडी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने आगे चल रहे तीनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को पाटन अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार वाहनों से पदयात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पदयात्रियों के लिए खतरा बन रही है। सोनपुर मंडी के पास हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।






