पाटन: धरना स्थल के सामने सड़क किनारे अवैध कब्जा, झोपड़ी बनाकर चल रहा कारोबार, खतरनाक मोड़ पर बढ़ रहा ट्रैफिक दबाव, हाइवा पलटने की घटना के बाद भी जिम्मेदार बेखबर

पाटन। स्वामी आत्मानंद चौक पाटन स्थित जनपद पंचायत कार्यालय के सामने शिव मंदिर के पास बने धरना स्थल के सामने सड़क किनारे अवैध कब्जा कर झोपड़ियां बनाई जा रही हैं। इन झोपड़ियों में दुकानों का संचालन कर व्यापार किया जा रहा है। धीरे-धीरे यहां अवैध कब्जाधारियों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

बताया जाता है कि जनपद कार्यालय के सामने स्थित यह स्थान पाटन ब्लॉक का प्रमुख धरना स्थल है। क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, कर्मचारी और अन्य संगठन अपनी मांगों को लेकर इसी स्थान पर धरना-प्रदर्शन करते हैं। ऐसे में सड़क किनारे लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जे के कारण आने वाले समय में धरना स्थल का अस्तित्व ही समाप्त होने की स्थिति बनती नजर आ रही है।

मुख्य सड़क पर दुकानें, ग्राहकों की गाड़ियां भी सड़क पर

दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे दुकानें संचालित होने के कारण खरीदी करने पहुंचने वाले ग्राहक अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। यह क्षेत्र नगर पंचायत के हृदय स्थल में होने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा अतिक्रमण की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

खतरनाक मोड़ पर हाइवा पलटने की घटना

जिस स्थान पर अवैध दुकानें लगाई जा रही हैं, वहां दुर्ग-पाटन मार्ग पर खतरनाक मोड़ भी है। इस मार्ग पर दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है। बीते दिनों एक हाइवा इसी स्थान से मुड़कर रानीतराई की ओर जा रहा था। सड़क किनारे अवैध कब्जे और दुकानों के कारण वाहन को मोड़ने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी, जिससे हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना के बाद भी सड़क किनारे बढ़ रहे कब्जे को हटाने की दिशा में कार्रवाई नहीं होना सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे को नहीं हटाया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं, धरना स्थल के सामने लगातार दुकानें बढ़ने से सार्वजनिक उपयोग के इस महत्वपूर्ण स्थल का स्वरूप भी खत्म होता जा रहा है। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन कब तक इस मामले में कार्रवाई करता है।