पाटन। ग्राम अकतई में जर्जर स्कूल भवन और एक ही कमरे में पांच कक्षाओं के बच्चों के पढ़ने की समस्या को लेकर प्रकाशित सीजी मितान न्यूज पोर्टल की खबर का एक बार फिर असर हुआ है। खबर को संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत दुर्ग ने जर्जर स्कूल भवन की जगह नए भवन निर्माण के लिए लगभग 7 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है।

दरअसल, ग्राम अकतई के शासकीय प्राथमिक शाला भवन के जर्जर होने के कारण कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही थी। स्कूल में पर्याप्त भवन होने के बावजूद भवन के कई कमरों की स्थिति खराब होने के कारण उनका उपयोग नहीं हो पा रहा था। इससे बच्चों के साथ शिक्षकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों की इस समस्या को सीजी मितान न्यूज पोर्टल ने प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। खबर सामने आने के बाद जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ ने मामले को संज्ञान में लेते हुए वीबीजीआरएएम (VBG-RAM) योजना के तहत करीब 7 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। राशि स्वीकृत होने से अब जर्जर भवन की जगह नए भवन निर्माण की उम्मीद जगी है।

ग्रामीणों ने जताया आभार
नए स्कूल भवन के लिए राशि स्वीकृत होने पर ग्रामीणों, अभिभावकों और स्कूल से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन, जिला पंचायत दुर्ग और सीजी मितान न्यूज पोर्टल का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि नए भवन के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी।






