पाटन : जनपद पाटन उपचुनाव में मुकाबला रोचक, साहू प्रत्याशियों पर दांव, पाहदा से तीन उम्मीदवार मैदान में, सांकरा से गायकवाड़ ने भरा नामांकन, अन्य समाज के वोट बन सकते हैं निर्णायक, पढ़िए सीजी मितान के चुनावी खबर

पाटन। जनपद पंचायत पाटन के क्षेत्र क्रमांक 4 में होने वाले उपचुनाव का मुकाबला अब रोचक होता नजर आ रहा है। क्षेत्र से अब तक कई दावेदार मैदान में उतर चुके हैं, जिसमें पाहदा गांव से तीन प्रत्याशी चुनावी ताल ठोक रहे हैं, जबकि सांकरा से नरेंद्र गायकवाड़ ने भी मंगलवार को अपना नामांकन जमा कर दिया।

राजनीतिक दलों की बात करें तो भाजपा, कांग्रेस तथा जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने साहू समाज के प्रत्याशियों पर भरोसा जताया है। ऐसे में चुनावी समीकरण अब अन्य समाज के मतदाताओं के रुख पर टिकते दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार चुनाव में अन्य वर्गों के वोट निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।

इधर कांग्रेस ने भी चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। आज आयोजित कांग्रेस की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता आशीष वर्मा तथा पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी की घोषणा की। बैठक में चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई।

वहीं भाजपा भी चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। भाजपा नेताओं द्वारा दोनों गांवों में लगातार अंदरूनी बैठकें लेकर संगठन और बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ ही मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति बनाई जा रही है।

जनपद क्षेत्र क्रमांक 4 में हो रहे इस उपचुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और तेज होने की संभावना है।