2100 दीपों से जगमगाया जनपद पंचायत पाटन परिसर, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर दी गई शुभकामनाएं

पाटन। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद पंचायत पाटन परिसर 2100 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने किया, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्र के विकास और समृद्धि की कामना
दीप प्रज्वलन के दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने देश की सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना
श्रीमती नायक ने आगे कहा कि 2100 दीपों का यह प्रकाश प्रधानमंत्री के राष्ट्र सेवा के संकल्प और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन को समर्पित है। उनका नेतृत्व देश को एक सूत्र में पिरोकर आगे बढ़ा रहा है।

इस गरिमामयी अवसर पर जनपद पंचायत परिसर का दृश्य अत्यंत मनमोहक और आलौकिक नजर आ रहा था। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।