पाटन। पुराना बाजार स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स में नकली सोने की पत्तियों को असली बताकर 19 लाख 32 हजार रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपी राजस्थान के अलवर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को आरोपी ओमी सिंह उर्फ लाखन नायक सहित अन्य सदस्य लक्ष्मी ज्वेलर्स पहुंचे थे। आरोपियों ने 18 सोने की पत्तियां, करीब 180 ग्राम वजन की, असली सोना बताकर ज्वेलर्स के यहां गिरवी रखीं और इसके बदले 15 लाख 93 हजार रुपये प्राप्त किए। इसके अलावा तीन सोने की अंगूठियां और चांदी की एक जोड़ी पायल भी उधारी में ले गए। इस सामान की कीमत करीब 3 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपियों ने एक सप्ताह के भीतर ब्याज सहित रकम लौटाने का भरोसा दिलाया, लेकिन तय समय पर रकम वापस नहीं की। संदेह होने पर ज्वेलर्स ने सोने की पत्तियों की जांच कराई, जिसमें करीब 10 प्रतिशत सोना और 90 प्रतिशत अन्य धातु पाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना पाटन में अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

पहले असली सोना गिरवी रखकर जीतते थे विश्वास
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर ज्वेलर्स को निशाना बनाते थे। आरोपी पहले असली सोने की अंगूठी या अन्य आभूषण गिरवी रखकर समय पर लेन-देन पूरा करते और ज्वेलर्स का विश्वास जीतते थे। इसके बाद असली सोने के साथ नकली सोने की पत्तियां देकर बड़ी रकम हासिल कर लेते थे। नकली पत्तियों पर सोने की पॉलिश होने के कारण शुरुआती जांच में उनकी पहचान मुश्किल होती थी।
अर्जुन्दा में 25 लाख की ठगी का प्रयास
पाटन की घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने आसपास के जिलों के ज्वेलर्स और ज्वेलर्स एसोसिएशन से संपर्क कर गिरोह के तरीके की जानकारी साझा की। इसी दौरान बालोद जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र में संदिग्धों द्वारा एक अन्य ज्वेलर्स से करीब 25 लाख रुपये प्राप्त करने का प्रयास किए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर राजनांदगांव में किराये के मकान में गिरोह के अन्य सदस्यों के रहने की जानकारी मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ आरोपी ट्रेन से फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सुरागों के आधार पर आरपीएफ नागपुर के सहयोग से ट्रेन से फरार हो रहे दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
23 नकली और एक असली सोने की पत्ती बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23 नकली सोने की पत्तियां, एक असली सोने की पत्ती, कुल करीब 240 ग्राम वजन की 24 पत्तियां, मोटरसाइकिल, 16 हजार 190 रुपये नकद, कमर में बांधने वाली छह गुप्त कपड़े की थैलियां, ज्वेलर्स दुकान का कोरा बिल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, हथौड़ी, पेचकस, स्क्रूड्राइवर सहित अन्य सामग्री बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में श्याम सिंह उर्फ लाखन नायक, गोविन्द नायक उर्फ गिरीराज, प्रहलाद नायक, अर्जुन नायक, राजबती नायक और मंजू नायक शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की पाटन, दुर्ग, राजनांदगांव, अर्जुन्दा, गुंडरदेही सहित अन्य क्षेत्रों में गतिविधियों और इसी तरह की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।
दुर्ग पुलिस ने ज्वेलर्स व्यापारियों से अपील की है कि सोना गिरवी रखते समय उसकी शुद्धता की वैज्ञानिक एवं प्रमाणित जांच अवश्य कराएं और बड़ी रकम का लेन-देन पर्याप्त सत्यापन के बाद ही करें।




