नगर पंचायत पाटन के वार्ड क्रमांक 13 और 14 स्थित खोरपा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। सड़क किनारे नाली का निर्माण नहीं होने से बारिश का पानी जमा हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र में पानी निकासी के लिए नाली निर्माण की योजना तैयार की गई थी, लेकिन कुछ विरोध के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। इसका खामियाजा अब पूरे मोहल्ले के रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश का पानी जमा होने से सड़कें लबालब हो गई हैं और आसपास के घरों तक पानी पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है।
नगर पंचायत के अधिकारियों का कहना है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए नाली निर्माण आवश्यक है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई थी, लेकिन कुछ विरोध के चलते कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। यदि समय रहते नाली का निर्माण हो जाता तो वर्तमान जलभराव की स्थिति से काफी हद तक राहत मिल सकती थी।
बारिश के मौसम में खोरपा क्षेत्र में हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत से जल्द समाधान निकालकर नाली निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और लोगों को राहत मिल सके।






