पाटन। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आबकारी विभाग ने एक अनूठी पहल की है। पाटन के सिकोला मार्ग स्थित देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान परिसर में पौधरोपण किया गया है। अब शराब खरीदने पहुंचने वाले मदिरा प्रेमियों का स्वागत हरियाली और ताजी हवा के बीच होगा।

आबकारी विभाग के निर्देश पर दुकान परिसर और आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। विभाग का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाना है। पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी भी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आमतौर पर शराब दुकानों के आसपास गंदगी और अव्यवस्था की शिकायतें मिलती हैं, लेकिन यहां हरियाली बढ़ाने की पहल सराहनीय है। वहीं क्षेत्र में चर्चा का विषय यह भी बना हुआ है कि अब मदिरा प्रेमियों को “जाम” के साथ-साथ “शुद्ध हवा” का भी आनंद मिलेगा।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार शासन के पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत यह पहल की गई है। आने वाले समय में पौधों के बड़े होने पर परिसर और अधिक हरा-भरा दिखाई देगा, जिससे क्षेत्र का वातावरण भी बेहतर होगा।
फोटो कैप्शन: पाटन के बठेना मार्ग स्थित देशी-विदेशी मदिरा दुकान परिसर में लगाए गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए।






