पाटन नगर पंचायत को 11 विकास कार्यों के लिए 56.63 लाख की मंजूरी, अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने जताया राज्य सरकार का आभार

पाटन। नगर पंचायत पाटन क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर राज्य शासन ने 11 विकास कार्यों के लिए 56.63 लाख रुपये की अनुदान स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि अधोसंरचना मद के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पेवर ब्लॉक तथा अन्य निर्माण कार्यों पर खर्च की जाएगी। विकास कार्यों के।लिए राशि स्वीकृत करने के लिए नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने सांसद विजय बघेल, नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ,प्रदेश भाजपा के मंत्री जितेंद्र वर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नगर पंचायत पाटन को पूर्व में 276.20 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके तहत 44 विकास कार्यों के लिए 195.89 लाख रुपये की स्वीकृति पहले ही जारी की जा चुकी है। अब शेष राशि के अंतर्गत 11 नए कार्यों के लिए 56.63 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।

स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 4 में ठेठवार समाज भवन एवं देवांगन समाज भवन के पास पेवर ब्लॉक निर्माण, वार्ड 5 में आरसीसी नाली एवं पेवर ब्लॉक कार्य, वार्ड 6 में सीसी रोड निर्माण, वार्ड 7 में सीसी रोड निर्माण, वार्ड 9 में सीसी रोड एवं पेवर ब्लॉक मरम्मत तथा नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण शामिल है।

इसी प्रकार वार्ड 10 में सीसी रोड, नाली एवं मरम्मत कार्य, वार्ड 14 में सीसी रोड मरम्मत एवं नाली निर्माण तथा वार्ड 15 में अटारी नर्सरी रोड से कंपोस्ट शेड तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य को भी स्वीकृति मिली है।

इन विकास कार्यों के स्वीकृत होने से नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आवागमन, जल निकासी एवं बुनियादी सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है। नगर पंचायत द्वारा जल्द ही कार्यों की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।