पाटन नगर पंचायत को अब नगर पालिका का मिलेगा दर्ज़ा, नगर पंचायत में सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित,विपक्ष का मिला साथ,  शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव, पढ़िए पूरी खबर

पाटन। नगर पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष योगेश निक्की भाले की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा करते हुए नगर पंचायत पाटन को नगर पालिका का दर्जा दिलाने संबंधी महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में भाजपा एवं कांग्रेस समर्थित सभी पार्षदों ने एकमत होकर नगर पंचायत को नगर पालिका बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। नगर की लगातार बढ़ती जनसंख्या, विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया।

परिषद सदस्यों ने कहा कि पाटन नगर तेजी से विकसित हो रहा है और वर्तमान परिस्थितियों में नगर पालिका का दर्जा मिलने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही नगर को अधिक वित्तीय संसाधन प्राप्त होंगे तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

बैठक में नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अधोसंरचना विकास, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि पाटन नगर निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। बढ़ती आबादी और विकास की जरूरतों को देखते हुए नगर पालिका का दर्जा मिलना समय की मांग है। इससे नगर के विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

बैठक में उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, जितेंद्र निर्मलकर, देवेंद्र ठाकुर, पार्षद चंद्रप्रकाश देवांगन, अन्नपूर्णा पटेल, संगीता धुरंधर, पुरुषोत्तम कश्यप, आभाष दुबे, अनिता साहू, वीना ठाकुर, मनोज कुर्रे, गुनीराम कौशिक, दीपक यादव, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, विधायक प्रतिनिधि कमल किशोर वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा, उप अभियंता प्रवीण कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।