पाटन। सावन माह के पहले रविवार को पाटन स्थित प्रसिद्ध टोला घाट में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। खारुन नदी के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचेंगे। वहीं लक्ष्मण झूला शुरू होने के बाद से टोला घाट पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है, जिससे इस बार भी रिकॉर्ड भीड़ की उम्मीद जताई जा रही है।

पिछले रविवार को भी टोला घाट में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे। अत्यधिक भीड़ के कारण कई लोग घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे। इसे देखते हुए इस बार प्रशासन और पुलिस ने पहले से व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारी की है।

जानकारी के अनुसार वाहनों को टोला घाट से कुछ दूरी पहले ही रोकने की व्यवस्था की गई है, ताकि घाट क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति न बने। श्रद्धालुओं को पैदल घाट तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी। वहीं नदी किनारे और मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी रखेंगे और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराने का प्रयास करेंगे।

प्रशासन की विशेष नजर खारुन नदी के एनीकट में नहाने वाले लोगों पर भी रहेगी। पुलिस द्वारा लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जाएगा और लापरवाही बरतने वालों को समझाइश दी जाएगी। हाल ही में जमराव के पास खारुन नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रशासन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
सावन के पहले रविवार को आस्था, पर्यटन और सुरक्षा—तीनों का संगम टोला घाट में देखने को मिलेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था का पालन करें, पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें तथा नदी में उतरते समय पूरी सावधानी बरतें।






