देशभक्ति के रंग में रंगा पाटन, नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

पाटन। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पंचायत पाटन द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह 11 बजे नगर पंचायत कार्यालय से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ।

तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, पार्षद केवल देवांगन, निशा बाबा वर्मा सहित अन्य पार्षद, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, बाबा वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए।

यात्रा में पाटन नगर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। बैंड-बाजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा के दौरान नगरवासियों में भी उत्साह देखने को मिला। यात्रा ने लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।