पाटन: ईंट भट्ठा नहीं हटने पर पालकों ने कौही स्कूल में जड़ा ताला, बच्चे गेट के बाहर खड़े


पाटन। एसडीएम को अल्टीमेटम देने के बाद भी ईंट भट्ठा नहीं हटाए जाने से नाराज़ पालकों ने कौही स्थित स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। स्कूल के पास संचालित ईंट भट्ठे से निकलने वाले धुएं से स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने का आरोप लगाते हुए पालकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नायब तहसीलदार सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारी पालकों से चर्चा कर स्थिति को संभालने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान स्कूल के बच्चे गेट के बाहर खड़े रहे और पढ़ाई पूरी तरह बाधित रही।
पालकों का कहना है कि ईंट भट्ठे से निकलने वाला धुआं बच्चों के लिए हानिकारक है। उन्होंने पहले भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर भट्ठा हटाने की मांग की थी और एसडीएम को अल्टीमेटम दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि खनिज विभाग द्वारा भी ईंट भट्ठा संचालक को नोटिस जारी किया गया है। वहीं तहसीलदार पवन ठाकुर भी पखवाड़े भर पहले मौके पर जांच के लिए पहुंचे थे। इसके बावजूद भट्ठे का संचालन जारी रहने से पालकों में आक्रोश है।
फिलहाल प्रशासन और पालकों के बीच चर्चा जारी है। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पालकों से चर्चा करते नायब तहसीलदार