पाटन। डायल 112 वाहन में पत्थर मारकर शीशा तोड़ने के मामले में पाटन पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चारों युवकों को ग्राम दैमार में पुलिस की मौजूदगी में जुलूस भी निकाला गया।

मामला पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम दैमार का है। जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों एक कॉल मिलने पर डायल 112 की टीम दैमार पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने वाहन को गली में खड़ा किया और पीड़ित के घर पूछताछ एवं पता-साजी के लिए चले गए। इसी दौरान चार युवकों ने डायल 112 वाहन पर पत्थर मारकर उसके शीशे को क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की सूचना पाटन थाना पुलिस को मिलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के बाद पाटन पुलिस चारो युवकों को ग्राम दैमार लेकर पहुंची, जहां गांव में उनका जुलूस निकाला गया। पुलिस की कार्रवाई से शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया।






