पाटन। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में गुरुवार को अटल आवास परिसर एवं इंदिरा नगर में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने घर-घर पहुंचकर किराएदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने किराए के मकानों में रह रहे लोगों के आधार कार्ड, किरायानामा सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही यह भी जानकारी जुटाई गई कि संबंधित व्यक्ति पाटन में किस उद्देश्य से रह रहे हैं तथा कौन-सा व्यवसाय या कार्य कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार अटल आवास परिसर और इंदिरा नगर में बड़ी संख्या में बाहरी लोग किराए के मकानों में निवास करते हैं। सत्यापन अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।

थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि इस तरह का सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने मकान मालिकों से अपील की कि यदि वे अपना मकान किसी बाहरी व्यक्ति को किराए पर देते हैं, तो इसकी सूचना अनिवार्य रूप से पाटन थाना में दें। वहीं व्यापार, नौकरी अथवा अन्य कार्यों के लिए बाहर से पाटन आने वाले लोगों से भी थाना में अपनी मुसाफिरी दर्ज कराने की अपील की, ताकि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी रहे।






