पाटन। डिजिटल अपराधों और सोशल मीडिया फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए पाटन पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में है। आम जनता को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने तरीघाट में एक विशेष साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक, लॉटरी और बैंक अधिकारी बनकर होने वाली ऑनलाइन ठगी के तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP), बैंक अकाउंट नंबर या पर्सनल डेटा शेयर न करें।

घबराएं नहीं, तत्काल पुलिस को दें सूचना
ग्रामीणों को संबल देते हुए पाटन पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिल्कुल भी घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में समय पर की गई शिकायत बेहद महत्वपूर्ण होती है। पीड़ित व्यक्ति बिना समय गंवाए तत्काल इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते ठगी गई राशि को फ्रीज कराया जा सके।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के भीतर डिजिटल सुरक्षा को लेकर विश्वास पैदा करना और उन्हें तकनीकी रूप से जागरूक बनाना है।







