पाटन: प्री मानसून के बारिश में ही भर हुए गढ्डे में पानी, अब फिर इस सड़क पर चलना हो जायेगा दुभर, कांग्रेस के बड़े आंदोलन के बाद बना था सड़क, पढ़िए पूरी

पाटन।।सेलूद चौक से चुनकट्टा, मुड़पार होते हुए गनियारी तक जाने वाला मुख्य मार्ग वर्तमान में अत्यंत जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर वर्षा ऋतु में सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
विदित हो कि पूर्व में भी इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर 8 वर्ष पहले ग्रामीणों द्वारा सेलूद चौक में चक्काजाम किया गया था। इसके बाद यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित की गई थी। वर्तमान में सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और तत्काल मरम्मत एवं नवनिर्माण की आवश्यकता है।
यह मार्ग चुनकट्टा, मुड़पार, पतोरा सहित आसपास संचालित पत्थर खदानों से निकलने वाले खनिजों के परिवहन का प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग से खनिज परिवहन होने के कारण शासन को बड़ी मात्रा में राजस्व प्राप्त होता है तथा दुर्ग जिले को मिलने वाली जिला खनिज न्यास (DMF) राशि में भी इस क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। इसके बावजूद क्षेत्र के निवासी वर्षों से खराब सड़क की समस्या झेलने को मजबूर हैं। बारिश के मौसम में कीचड़ और गड्ढों तथा अन्य मौसम में उड़ने वाली धूल से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
सड़क के नवनिर्माण एवं अस्थायी मरम्मत हेतु वर्ष 2025 के सुशासन तिहार में भी आवेदन प्रस्तुत किया गया था, किंतु आज तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी प्रकार इस वर्ष के सुशासन तिहार में भी पुनः आवेदन दिया गया है, लेकिन सड़क निर्माण की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रतिदिन इस मार्ग से विद्यालय एवं महाविद्यालय जाने वाले विद्यार्थी, ग्रामीण, किसान तथा अन्य वाहन चालक आवागमन करते हैं। सभी को इस खस्ताहाल सड़क के कारण गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।