पाटन राज मनवा कुर्मी समाज राज प्रधान चुनाव के एक दिन पहले ही एक पत्र ने मचा दी है खलबली, कुर्मीगुंडरा में मतदान निरस्त करने की मांग, जानिए क्या है पूरा मामला


पाटन। पाटन राज मनवा कुर्मी समाज राज प्रधान का चुनाव रविवार 7 अप्रैल को है । इससे एक दिन पहले ही ग्राम कुर्मी गुंडरा के कुर्मी समाज के लोगो ने निर्वाचन अधिकारी को आवेदन देकर गांव में चुनाव निरस्त करने की मांग की है।  जानकारी के मुताबिक जो पत्र लिखा गया है उसमे  अवगत  कराया है की  गांव कुर्मीगुंडरा (पाटन राज) में सभी सामाजिक बंधुओं परिवारों का सदस्यता शुल्क नहीं काटा गया है और न हीं किसी को इसकी जानकारी दी गई है । अतः राजप्रधान चुनाव में सबकी भागीदारी नहीं हो पाएगी। निर्वाचन अधिकारी के द्वारा निर्धारित तिथि के पश्चात षडयंत्र पूर्वक पीछे की तिथि डालकर साठ से अधिक नाम एक साथ देकर पैसा जमा किया गया है ऐसी जानकारी मिली है। एक साथ बहुत से परिवार तथा महत्वपूर्ण सामाजिक व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में नहीं है। पत्र में  निवेदन किया है की  सम्पूर्ण विषय की जांच की जाए और फर्जी तरीके से काम करने वालों के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही किया जाए साथ ही ग्राम कुर्मीगुंडरा बूथ में मतदान की प्रक्रिया को निरस्त किया जाए। पत्र लिखने वालो में शरद बघेल, देवाशीष बघेल, रविन्द्र बघेल, दिलीप वर्मा, दानी वर्मा, पवन वर्मा, हूला राम वर्मा, भास्कर वर्मा, लक्ष्मण वर्मा, गांधी वर्मा, चम्मन लाल, परमित बघेल, डॉक्टर नोहर वर्मा सहित अन्य शामिल है। इस विषय पर जानकारी के लिए निर्वाचन अधिकारी खोड़स कश्यप ने बताया की व्हाटअप के माध्यम उन्हे पत्र मिला है। जिस पर निर्वाचन के बाद जांच कराया जाएगा।