पाटन: गाली-गलौज करने से मना करना उपसरपंच को पड़ा भारी, आरोपियों ने युवक से की मारपीट, मामला दर्ज

दुर्ग। घर के सामने गाली-गलौज कर रहे युवकों को रोकना ग्राम मटंग के उपसरपंच को महंगा पड़ गया। आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में उरला पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी चंद्र प्रकाश वर्मा, निवासी स्कूल चौक, ग्राम मटग ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई की देर रात वह अपने घर के आंगन में सो रहा था। इसी दौरान उसके घर के पास विजय साहू उर्फ अप्पू और भोला वैष्णव गाली-गलौज कर रहे थे। जब प्रार्थी ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने प्रार्थी की मोटरसाइकिल सीजी 07 एलएल 8190 को भी नुकसान पहुंचाया। घटना में प्रार्थी को चोटें आई हैं।

उरला पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5), 324(3) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।