पाटन सड़क दुर्घटना: तेज रफ्तार बाइक नाली में गिरी, युवक गंभीर रूप से घायल

पाटन। खोरपा रोड स्थित महामाया मंदिर के पास शनिवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान ग्राम तेली गुंडरा निवासी नरेश ठाकुर (32 वर्ष) के रूप में हुई है। दुर्घटना में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए पाटन अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक कथित रूप से नशे की हालत में बाइक चला रहा था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर नाली में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।