पाटन: सड़क की दरार में फंसा स्कूटी का चक्का, महिला घायल, पाटन से बोरिद मार्ग पर मटिया मोड के पास हादसा, सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल

पाटन। बोरिद से पाटन की ओर जा रही एक स्कूटी सवार महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। घटना मटिया मोड़ के पास की बताई जा रही है, जहां सड़क के बीच बनी बड़ी दरार में स्कूटी का चक्का फंस जाने से वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया।

दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला रागिनी मानिकपुरी घायल हो गईं। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले बनी इस सड़क के बीचों-बीच कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।