पाटन, सेलूद सहित कई गांवों में बिजली गुल, पेड़ गिरने से बढ़ी परेशानी
बिजली कंपनी का मैदानी अमला फाल्ट सुधारने में जुटा, कर्मचारी की कमी बनी चुनौती

पाटन। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। पाटन, सेलूद सहित पांच फीडर से जुड़े कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से देर तक अंधेरा छाया रहा। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच जगह-जगह पेड़ गिरने तथा बिजली लाइनों में फाल्ट आने से बिजली कंपनी के सामने व्यवस्था बहाल करने की चुनौती खड़ी हो गई।

बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना के बाद बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी और मैदानी अमला सक्रिय हुआ। कर्मचारी बारिश के बीच फाल्ट तलाशने और उसे सुधारने में जुटे रहे। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार और लाइन प्रभावित हुई, जिससे सुधार कार्य में भी परेशानी सामने आई।

कर्मचारी की कमी से जूझ रहा विभाग
बारिश के मौसम में बिजली लाइनों में फाल्ट और पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में पर्याप्त मैदानी कर्मचारियों की जरूरत होती है, लेकिन विभाग पहले से ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। सीमित अमले के भरोसे बड़े क्षेत्र में बिजली व्यवस्था संभालने के कारण फाल्ट सुधारने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बिजली कंपनी का अमला लगातार प्रयास कर प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने में जुटा हुआ है। हालांकि, बारिश और तेज हवा के कारण बार-बार उत्पन्न हो रहे फाल्ट से परेशानी बनी हुई है।






