पाटन: सरकारी राशन के लिए सुबह से जद्दोजहद, नियमित नहीं खुलता राशन दुकान, सुबह पांच बजे से लाइन लगाते है हितग्राही

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम पंचायत महूदा में सरकारी राशन लेने के लिए कार्डधारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राशन लेने के लिए ग्रामीणों को सुबह 4 से 5 बजे से ही दुकान के सामने लाइन लगानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान नियमित रूप से नहीं खुलने के कारण ऐसी स्थिति निर्मित हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि राशन दुकान संचालक द्वारा कथित तौर पर तीन से चार राशन दुकानों का संचालन किया जाता है। इसके चलते महूदा की राशन दुकान महीने में महज कुछ ही दिन खुलती है। दुकान खुलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कार्डधारी राशन लेने पहुंच जाते हैं, जिससे लंबी कतार लग जाती है और कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि राशन जैसी जरूरी सुविधा के लिए उन्हें सुबह-सुबह लाइन में लगना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और मजदूर वर्ग के लोगों को इससे काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि राशन दुकान को महीने में कम से कम 15 दिन नियमित रूप से खोला जाए, ताकि सभी कार्डधारियों को समय पर राशन मिल सके और उन्हें घंटों कतार में खड़े होने की परेशानी से राहत मिले।