पाटन। दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में शक्कर नहीं पहुंचने से राशन कार्डधारियों की परेशानी बढ़ गई है। त्योहार की तैयारियों के बीच गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राशन दुकानों से शक्कर नहीं मिल पा रही है। हितग्राही केवल चावल लेकर ही वापस लौटने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि पाटन क्षेत्र की कई शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में इस माह शक्कर का वितरण नहीं हो पा रहा है। वहीं, 31 अक्टूबर को माह का अंतिम दिन होने के बावजूद दुकानों में शक्कर उपलब्ध नहीं होने से हितग्राहियों को निराशा हाथ लगी।
गौरतलब है कि नवंबर माह में दीपावली का प्रमुख त्योहार मनाया जाएगा। दीपावली पर घरों में मिठाइयां और पकवान बनाने की परंपरा है। ऐसे में त्योहार से पहले राशन दुकानों में शक्कर नहीं पहुंचना गरीब परिवारों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

हितग्राहियों का कहना है कि शासन की उचित मूल्य दुकान से मिलने वाली शक्कर उनके घरेलू बजट में बड़ी राहत देती है। लेकिन समय पर शक्कर नहीं मिलने से उन्हें बाजार से महंगे दामों पर शक्कर खरीदनी पड़ सकती है।
अब सवाल यह उठता है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले आखिर राशन दुकानों में शक्कर की आपूर्ति क्यों नहीं हो पा रही है? खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को इस ओर ध्यान देकर जल्द शक्कर उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि गरीब परिवारों की दीपावली की मिठास फीकी न पड़े।






