पाटन : विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने संकुल केंद्र आगेसरा अंतर्गत विद्यालयों का किया निरीक्षण

पाटन।विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन  द्वारा संकुल केंद्र आगेसरा अंतर्गत विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, अध्यापन कार्य एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया।

शासकीय हाई स्कूल आगेसरा का निरीक्षण

सर्वप्रथम विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र देवांगन द्वारा शासकीय हाई स्कूल आगेसरा का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य विद्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कक्षाओं में पहुंचकर अध्यापन कार्य का अवलोकन किया।

उन्होंने शिक्षकों से अध्यापन कार्य के संबंध में चर्चा करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, सीखने की प्रगति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों को प्रभावी एवं रुचिकर अध्यापन के साथ-साथ विद्यार्थियों की आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मार्गदर्शन एवं अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर संकुल समन्वयक सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संबंधित शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं सकारात्मक सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।

शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी का निरीक्षण

बीईओ  द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में उन्होंने आकर्षक एवं शिक्षण-अनुकूल वातावरण का अवलोकन किया तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना की।

उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए धारा प्रवाह पठन, पहाड़ा एवं अन्य बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं के संबंध में जानकारी ली। बच्चों से प्रश्न पूछकर उनके सीखने के स्तर का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के संबंध में शिक्षकों से विशेष रूप से जानकारी ली गई। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन एवं अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया तथा शिक्षकों को नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास कराने के निर्देश दिए।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय उमरपोटी के आकर्षक वातावरण एवं शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए शिक्षकों के प्रयासों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के साथ-साथ उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करना भी आवश्यक है।