पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम पंचायत पहादा अ में सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो सका। मतदान के दौरान अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 11 मत पड़े, जबकि विपक्ष में 10 मत मिले। इस तरह सरपंच की कुर्सी फिलहाल बच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के पंचों ने सरपंच पर विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसी प्रस्ताव को लेकर बुधवार को पंचायत भवन में मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पूरी प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी की उपस्थिति में संपन्न हुई। मतदान को लेकर सुबह से ही पंचायत भवन के आसपास गहमागहमी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की नजरें मतदान के नतीजों पर टिकी हुई थीं।

मतगणना के बाद अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में 10 मत मिलने से सरपंच को राहत मिली। एक मत के अंतर से हुए इस मतदान ने पूरे गांव में चर्चा का माहौल बना दिया।






