पाटन: दिव्यांग बच्चों के थैरेपी उपकरण सहित शिक्षण सामग्री चोरों ने की पार, खिड़की तोड़कर अज्ञात चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

पाटन। पाटन ब्लाक के खोरपा स्थित दिव्यांग संसाधन केंद्र में चोरी का मामला सामने आया है। केंद्र में रखे दिव्यांग बच्चों के थैरेपी उपकरण और शिक्षण सामग्री को अज्ञात चोर खिड़की तोड़कर पार कर ले गए। मामले की शिकायत पर पाटन पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी घनश्याम सिंह साहू ने थाना पाटन में दर्ज शिकायत में बताया कि वह बीआरसी कार्यालय पाटन में बीआरपी के पद पर कार्यरत हैं। विकासखंड स्तरीय दिव्यांग बच्चों के लिए शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला खोरपा में दिव्यांग संसाधन केंद्र संचालित किया जा रहा है। केंद्र में राज्य परियोजना कार्यालय रायपुर और जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा दुर्ग द्वारा थैरेपी उपकरण एवं शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई थी, जिसकी देखरेख उनके साथ अटेंडेंट अखिल ठाकुर द्वारा की जाती थी। शिकायत के मुताबिक अटेंडेंट की तबीयत खराब होने के कारण 18 मई 2026 को केंद्र का निरीक्षण किया गया था, तब सभी सामान सुरक्षित थे। इसके बाद 25 मई 2026 को शाम करीब चार बजे दोबारा जांच करने पर केंद्र से कई उपकरण गायब मिले। चोर भवन की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखा कंप्यूटर सेट, होम थिएटर, हाई कान्ट्रास्ट लार्ज प्रिंट की-बोर्ड, ग्लोब विद स्मार्ट पेन तथा एडवांस एआई रीडर एंड स्कैनर विद लाइफ टाइम सब्सक्रिप्शन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।